बगहा में पूर्व जिला पार्षद की गोली मार हत्या
बेतिया
बिहार के बेतिया जिले में अपराधियों ने बगहा के पूर्व जिला पार्षद दयानंद वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है। एसपी किरण कुमार जाधव ने बताया कि घटना के पीछे ठेकेदारी को लेकर दो पक्षों में उत्पन्न विवाद प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पूर्व जिला पार्षद दयानंद वर्मा अपने आवास बेलहवा मदनपुर पंचायत के सिरसिया चौक पर कुछ साथियों के साथ बैठे थे। इसी क्रम में गाड़ी से हथियार बंद अपराधी पहुंचे और गोली मार दी। गले के पास गोली लगने से वे बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वर्ष 2011-16 के बीच दयानंद वर्मा जिला पार्षद सदस्य थे। डॉक्टर का कहना है कि खून अधिक बह जाने से उन्होंने रास्ते में ही दमतोड़ दिया था। दूसरी ओर, विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल में कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।

पाठको की राय